Bihar


बिहार विधानसभा चुनाव की सरगर्मी तेज हो रही है.

News Pratyaksh | Updated : Tue 14th Oct 2025, 11:40 am
बिहार विधानसभा चुनाव की सरगर्मी तेज हो रही है. जन सुराज ने मंगलवार को अपनी दूसरी सूची जारी करते हुए दरभंगा जिले की तीन विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है. यह सूची पार्टी की चुनावी रणनीति का हिस्सा है, जिसके तहत राज्य के विभिन्न जिलों में मजबूत दावेदारों को मैदान में उतारा जा रहा है. पार्टी प्रमुख प्रशांत किशोर के नेतृत्व में जन सुराज बिहार की राजनीति में नया विकल्प बनने का दावा कर रही है. दरभंगा जिले की कुशेश्वरस्थान, गौड़ाबौराम और बहादुरपुर विधानसभा सीटों के लिए जन सुराज ने अपने उम्मीदवारों का ऐलान किया है. कुशेश्वरस्थान से शत्रुघ्न पासवान, गौड़ाबौराम से डॉ. इफ्तेखार आलम और बहादुरपुर से जन सुराज के जिलाध्यक्ष आमिर हैदर को टिकट दिया गया है. बहादुरपुर सीट पर आमिर हैदर का नाम सुर्खियों में है, क्योंकि वे राजद के अल्पसंख्यक राष्ट्रीय अध्यक्ष अली अशरफ फातमी के चचेरे भाई हैं. बहादुरपुर विधानसभा के नवनिर्वाचित उम्मीदवार आमिर हैदर ने सीट मिलने के बाद फेकला में आयोजित एक सभा को संबोधित किया. उन्होंने बताया कि वे पेशे से इंजीनियर हैं और पिछले तीन वर्षों से क्षेत्र की जनता के बीच रहकर समाजसेवा में जुटे हुए हैं. आमिर ने कहा, "मैंने हमेशा जनता की समस्याओं को समझने और उनका समाधान करने का प्रयास किया है. अब जन सुराज के बैनर तले मैं विकास और बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध हूं." उनकी यह सक्रियता पार्टी के लिए सकारात्मक संकेत मानी जा रही है.

घाटशिला विधानसभा उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है.

News Pratyaksh | Updated : Tue 14th Oct 2025, 11:38 am
घाटशिला विधानसभा उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है. जारी सूची में केन्द्रीय मंत्री और पिछले विधानसभा चुनाव में प्रभारी रहे शिवराज सिंह चौहान सहित 40 नेताओं का नाम शामिल है. हालांकि, इस सूची में पिछले विधानसभा चुनाव में सह प्रभारी रहे असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा का नाम नहीं है.भाजपा केन्द्रीय नेतृत्व द्वारा जारी स्टार प्रचारकों में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, जुएल उरांव, अन्नपूर्णा देवी, संजय सेठ सहित ओडिशा और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भी शामिल हैं. प्रदेश स्तर के नेता की बात करें तो बीजेपी ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष सह सांसद आदित्य साहू, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, रघुवर दास, चंपाई सोरेन, मधु कोड़ा को भी स्टार प्रचारक बनाने का काम किया है.इसके अलावा झारखंड प्रभारी लक्ष्मीकांत वाजपेयी, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र नाथ त्रिपाठी, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, सांसद विद्युत वरण महतो, सांसद निशिकांत दूबे, सांसद ढुल्लू महतो, विधायक नवीन जायसवाल, रबीन्द्र कुमार राय, दिनेशानंद गोस्वामी, सांसद दीपक प्रकाश, अमर बाउरी, सुनील सोरेन, गीता कोड़ा, सीपी सिंह, अमित यादव, नीलकंठ सिंह मुंडा, भानु प्रताप शाही, बाल मुकुंद सहाय, बडकुंवर गगराई, आरती कुजूर, मनोज सिंह, सुनीता सिंह, राम कुमार पाहन, किशुन दास, कोचे मुंडा, अभय सिंह शामिल हैं.

जदयू में शामिल होने की अटकलें

News Pratyaksh | Updated : Mon 13th Oct 2025, 11:55 am
जदयू में शामिल होने की अटकलें बिहार विधानसभा चुनाव से ठीक पहले राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के दो विधायकों-- विभा देवी और प्रकाश वीर ने रविवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। दोनों नेताओं के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के जनता दल यूनाइटेड (जदयू) में शामिल होने की संभावना जतायी जा रही है। विभा देवी नवादा विधानसभा क्षेत्र की विधायक थीं, जबकि प्रकाश वीर आरक्षित सीट राजौली से दूसरी बार विधायक निर्वाचित हुए थे। विधानसभा सचिवालय के अधिकारियों ने बताया कि दोनों विधायकों ने रविवार को विधानसभा अध्यक्ष नंद किशोर यादव को अपना इस्तीफा सौंपा। अध्यक्ष ने उनके इस्तीफे स्वीकार कर लिए हैं। राजद के ये दोनों नाराज विधायक 22 अगस्त को गयाजी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सभा में पहुंचे थे, जिसके बाद से उनके सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) खेमे में जाने की अटकलें तेज हो गई थीं। विभा देवी के पति और पूर्व विधायक राज बल्लभ यादव हाल में पटना उच्च न्यायालय से ‘पॉक्सो’ मामले में बरी होने के बाद जेल से बाहर आए हैं। यादव का नवादा जिले में काफी राजनीतिक प्रभाव है। वह कथित तौर पर तब नाराज हो गए थे जब पिछले लोकसभा चुनाव में राजद ने उनके परिवार के किसी सदस्य को टिकट नहीं दिया। उनके भाई बिनोद यादव ने तब राजद छोड़कर नवादा सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था। प्रकाश वीर के बारे में कहा जा रहा है कि हाल के दिनों में उनकी पार्टी के नेता और राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद के पुत्र तेजस्वी यादव से अनबन चल रही थी।

बिहार में विधानसभा चुनाव का बिगुल बज गया है। इसे लेकर एनडीए गठबंधन में सीट शेयरिंग का फॉर्मूला तय हो गया है। एनडीए के सहयोगी दलों ने सीट बंटवारे पर प्रतिक्रिया दी है।

News Pratyaksh | Updated : Mon 13th Oct 2025, 11:54 am
बिहार में विधानसभा चुनाव का बिगुल बज गया है। इसे लेकर एनडीए गठबंधन में सीट शेयरिंग का फॉर्मूला तय हो गया है। एनडीए के सहयोगी दलों ने सीट बंटवारे पर प्रतिक्रिया दी है। इस दौरान जनता दल (यूनाइटेड) के नेता केसी त्यागी ने कहा कि गठबंधन के एकमात्र नेता नीतीश कुमार हैं और चुनाव उनके नेतृत्व में लड़ा जाएगा। वह फिर से मुख्यमंत्री बनेंगे। बिहार चुनाव 2025 के लिए एनडीए द्वारा सीट बंटवारे की घोषणा पर जेडीयू नेता केसी त्यागी ने कहा कि हम पिछले पांच वर्षों में नीतीश कुमार के नेतृत्व में सरकार द्वारा किए गए कार्यों के आधार पर वोट मांग रहे हैं। केसी त्यागी ने महागठबंधन पर हमला बोलते हुए कहा कि वहां न नीति तय है और न नेता तय है, जबकि हमारे यहां सब कुछ स्पष्ट है। कौन कितनी सीटों पर चुनाव लड़ रहा है, यह कोई सवाल ही नहीं है, क्योंकि हम सब मिलकर 243 सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले पांच साल में हुए विकास कार्यों के नाम पर जनता के बीच जा रहे हैं। हम किसी की माताजी या किसी नेता का चरित्र हनन करके वोट नहीं मांग रहे हैं। हम सकारात्मक राजनीति के आधार पर वोट मांग रहे हैं। वहीं, जेडीयू एमएलसी खालिद अनवर ने कहा कि पहले दिन से ही यह स्पष्ट था कि एनडीए के सीट बंटवारे में कोई भ्रम नहीं होगा। सबका एक ही एजेंडा है: यह सुनिश्चित करना कि 2025 के चुनावों के बाद भी नीतीश कुमार की सरकार बनी रहे और बिहार के विकास की गति बनी रहे।

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव के विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र राघोपुर में जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर के कार्यक्रम के दौरान चुनाव आदर्श आचार सहिंता (एमसीसी) के उल्लंघन के आरोप में रविवार को एक प्राथमिकी दर्ज की गई है

News Pratyaksh | Updated : Mon 13th Oct 2025, 11:53 am
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव के विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र राघोपुर में जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर के कार्यक्रम के दौरान चुनाव आदर्श आचार सहिंता (एमसीसी) के उल्लंघन के आरोप में रविवार को एक प्राथमिकी दर्ज की गई है। हाजीपुर के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) सुभाष कुमार ने बताया कि प्राथमिकी वैशाली जिले के राघोपुर थाने में दर्ज की गई है, हालांकि इसमें प्रशांत किशोर को नामजद नहीं किया गया है। डीएसपी ने कहा, “कार्यक्रम की अनुमति सतेंद्र प्रसाद सिंह के नाम से ली गई थी। इसलिए आचार संहिता उल्लंघन के लिए दर्ज प्राथमिकी में उनका नाम शामिल किया गया है।” उन्होंने बताया कि हाजीपुर के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) की जांच पूरी होने के बाद प्राथमिकी में अन्य नाम भी जोड़े जा सकते हैं। हाजीपुर के एसडीओ और राघोपुर निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव अधिकारी राम बाबू ने स्थल निरीक्षण के बाद कहा, “प्रशांत किशोर को अभियुक्तों में शामिल नहीं किया गया है। प्राथमिकी मुख्य रूप से आयोजक के खिलाफ दर्ज की गई है क्योंकि सभा में अनुमति प्राप्त सीमा से कहीं अधिक भीड़ थी।” वहीं, इस प्रतिक्रिया देते हुए प्रशांत किशोर ने कहा, “मेरे खिलाफ पहले से ही कई प्राथमिकी लंबित हैं, एक और सही।” जब उनसे यह कहा गया कि इस मामले में निर्वाचन आयोग उनके प्रचार करने पर रोक लगा सकता है, तो उन्होंने मुस्कराते हुए जवाब दिया, “कोई बात नहीं, अगर वे रोकेंगे तो मैं रुक जाऊंगा।” जन सुराज पार्टी अब तक राज्य विधानसभा की 243 में से 51 सीट पर प्रत्याशियों की घोषणा कर चुकी है। इस बीच, राजनीतिक हलकों में यह अटकलें तेज हैं कि प्रशांत किशोर खुद राघोपुर से चुनाव लड़ सकते हैं, जहां से तेजस्वी यादव लगातार तीसरी बार जीत दर्ज करने की कोशिश में हैं। यह सीट तेजस्वी के माता-पिता , लालू प्रसाद और राबड़ी देवी का भी निर्वाचन क्षेत्र रह चुकी है। बिहार विधानसभा चुनाव छह और 11 नवंबर को दो चरण में होंगे, जबकि मतगणना 14 नवंबर को की जाएगी।

बिहार विधानसभा चुनाव के लिए NDA में सीटों का बंटवारा हो गया। गठबंधन में शामिल सभी दलों ने लंबी चर्चा के बाद अपनी सीटों की संख्या तय कर ली है। इस फॉर्मूले के तहत, एनडीए के दो प्रमुख दल, भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू), 101-101 सीटो

News Pratyaksh | Updated : Mon 13th Oct 2025, 11:53 am
बिहार विधानसभा चुनाव के लिए NDA में सीटों का बंटवारा हो गया। गठबंधन में शामिल सभी दलों ने लंबी चर्चा के बाद अपनी सीटों की संख्या तय कर ली है। इस फॉर्मूले के तहत, एनडीए के दो प्रमुख दल, भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू), 101-101 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। छोटे सहयोगी दलों को भी सम्मानजनक हिस्सेदारी मिली है। चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) यानी लोजपा (आर) को 29 सीटें दी गई हैं। वहीं, उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) और जीतन राम मांझी की हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) को 6-6 सीटें मिली हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 अक्टूबर से बिहार में धुआंधार चुनावी प्रचार की शुरुआत करेंगे।