Jharkhand


गुमला में जंगली हाथी का हमला

News Pratyaksh | Updated : Fri 28th Mar 2025, 11:29 am
गुमला में जंगली हाथी का हमला : जिला में पालकोट थाना क्षेत्र के बरडीह व देवगांव चापा टोली में जंगली हाथी ने तीन लोगों पर हमला कर दिया. जिसमें एक की मौत हो गई जबकि दो अन्य घायल हो गये. जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है.ग्रामीणों और परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार बताया गया है कि देवगांव चापाटोली निवासी क्रिस्टोफर एक्का (60 वर्ष), अजय मिंज (40 वर्ष) व इमिल बा के ऊपर हाथी ने हमला कर दिया. जिसके बाद तीनों जख्मी हो गए. एंबुलेंस 108 से अजय मिंज व क्रिस्टोफर एक्का को सदर अस्पताल लाया गया जहां क्रिस्टोफर एक्का को मृत घोषित कर दिया गया. जबकि इमिल बा का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार चल रहा है.परिजनों ने जानकारी देते हुए बताया है कि क्रिस्टोफर शौच करने के लिए घर से कुछ दूरी पर गया था. इस दौरान जंगली हाथी ने उनको पटक-पटक कर मार डाला. जबकि अजय मिंज पुआल लेकर आ रहा था इसी दौरान जंगली हाथी ने उन पर हमला कर दिया. अभी भी जंगली हाथी के क्षेत्र में जमे रहने की वजह से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है. ग्रामीणों ने बताया कि आए दिन जंगली हाथी क्षेत्र में तांडव मचाता रहता है जिससे कई किसानों के घर और खेत में लगी हुई फसलों को भी रौंदकर बर्बाद कर चुका है.इस सिलसिले में वन विभाग से विशेष तौर पर सुरक्षा व हाथी भगाने की मांग की गई है और उसके पीड़ितों को मुआवजे की भी मांग की है. वहीं प्रभागीय वन अधिकारी (DFO) बेलाल अहमद ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया है कि क्षेत्र में विभाग द्वारा जंगली हाथी की रेकी की जा रही है और कागजी प्रक्रिया पूरी होने पर पीड़ितों को उचित मुआवजा दिया जाएगा. वन अधिकारियों ने जंगली हाथी के साथ छेड़छाड़ नहीं करने की अपील लोगों से की है.

प्रवर्तन निदेशालय ने भवन निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता के घर पर की छापेमारी :

News Pratyaksh | Updated : Thu 27th Mar 2025, 12:17 pm
प्रवर्तन निदेशालय ने भवन निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता के घर पर की छापेमारी :राजधानी पटना में बिहार के एक बड़े इंजीनियर सहित उनके रिश्तेदारों के कई ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय की टीम छापेमारी कर रही है। यह छापेमारी आज सुबह से ही की जा रही है। भवन निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता तारिणी दास के आवास पर प्रवर्तन निदेशालय की टीम पहुंची है। यह छापेमारी फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र के पूर्णेन्दु नगर स्थित आवास पर किया जा रहा है। कई गाड़ियों पर सवार होकर प्रवर्तन निदेशालय की टीम पूर्णेंदु नगर स्थित आवास पर पहुंची है और तलाशी ले रही है। छापेमारी के दौरान भवन निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता (उतर) तारिणी दास के आवास के मुख्या द्वार बंद कर दिया है, ताकि न कोई अंदर से बाहर जा पाए और न कोई बाहर से अंदर आ सके। फिलहाल तलाशी का कार्य जारी है। उनपर आरोप है कि अपने कार्यकाल के दौरान वह गलत तरीके से संपत्ति अर्जित किया है। साथ ही साथ अवैध काली कमाई से अपने रिश्तेदारों के नाम से भी संपत्ति अर्जित की है।

हजारीबाग हिंसा पर पुलिस का एक्शन :

News Pratyaksh | Updated : Thu 27th Mar 2025, 10:32 am
हजारीबाग हिंसा पर पुलिस का एक्शन : जुलूस के दौरान पत्थरबाजी, हंगामा, तोड़फोड़ और फायरिंग मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है. सदर थाना में मजिस्ट्रेट के आवेदन पर 30 नामजद सहित 300 अज्ञातों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है. प्राथमिकी में लोगों को नियंत्रित करने के लिए दो राउंड फायरिंग करने की जानकारी दी गई है. वहीं, एक दर्जन लोग घायल हुए हैं. इनमें वरीय पुलिस अधिकारी, जवान और अन्य लोग शामिल है.प्राथमिकी में विवाद का केंद्र पंच मंदिर चौक के समीप अशोक चौक को बनाया गया है. मंगला जुलूस के दौरान ग्वालटोली चौक का जुलूस वहां से गुजरा था. अशोक चौक पर रात करीब 10 बजे जुलूस के गुजरने के दौरान आपत्तिजनक गाना बजाने का आरोप लगाया गया. मस्जिद रोड सहित अन्य क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है.सदर थाना में शांति समिति और सद्भावना की बैठक बुलाई गई. बैठक में जिला प्रशासन की ओर से दोनों पक्षों को स्पष्ट संदेश दिया गया है कि जिस किसी ने भी नियम व विधि व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करेंगे, उसे गंभीर अंजाम भुगतने होंगे. बैठक में दोनों पक्षों के लोग शामिल हुए और कई सुझाव भी जारी किए गए. 30 नामजद अभियुक्तों में दोनों समुदाय के लोग हैं.घटना के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में है. जुलूस मार्ग में पड़ने वाले सभी घरों की तलाशी करने का निर्णय लिया गया है. शांति समिति की बैठक में इसके संदेश दिए गए हैं और तय किया गया कि जुलुस मार्ग की निगरानी ड्रोन से की जाएगी. जिस किसी के घर या छत पर पत्थर या अन्य आपत्तिजनक सामान मिलेंगे, उनपर एफआईआर दर्ज कर जेल भेजा जाएगा.

अनिल टाइगर की हत्या के पीछे क्या रही वजह :

News Pratyaksh | Updated : Thu 27th Mar 2025, 09:35 am
भाजपा नेता अनिल टाइगर की हत्याकांड के बाद पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है. एनकाउंटर के बाद पकड़े गए शूटर रोहित वर्मा ने पुलिस के सामने कई खुलासे किए हैं. शूटर रोहित वर्मा के पिता ने भी पुलिस को कई अहम जानकारियां उपलब्ध करवाई है, जिसके आधार पर आगे की करवाई की जा रही है. पुलिस की जांच और गिरफ्तार शूटर के बयान से इतना तो साफ हो चुका है कि अनिल टाइगर की हत्या का सीधा लिंक लोहरदगा में हुए सुभाष जायसवाल हत्याकांड से जुड़ा हुआ है. सबसे हैरान कर देने वाली बात यह है कि गिरफ्तार शूटर रोहित वर्मा 13 जनवरी के बाद से ही घर से गायब था.पुलिस की पूछताछ में रोहित के पिता ने बताया है कि रोहित सुभाष जायसवाल की हत्या के बाद घर ही नहीं लौटा. जब वह कांके में हुए एनकाउंटर के बाद पकड़ा गया तब उन सब को रोहित के बारे में जानकारी मिली. 14 जनवरी को सुभाष जायसवाल की हत्या लोहरदगा के कुडू बस स्टैंड में गोली मारकर कर दी गई थी.पकड़े गए रोहित को यह भय था कि अनिल टाइगर उसकी हत्या करवा देंगे. इसी वजह से उसने अनिल को मार डाला. रोहित वर्मा ने यह भी बताया है उसे यह संदेह था कि सुभाष की हत्या में अनिल टाइगर का हाथ है. इसलिए उसने सुभाष जायसवाल की हत्या का बदला लेने के लिए अनिल टाइगर की गोली मारकर हत्या कर दी. अब इस बात का सत्यापन रांची पुलिस कर रही है.रांची पुलिस ने अनिल टाइगर पर हमले में शामिल दूसरे शूटर अमन सिंह की तलाश कर रही है. अमन के पकड़े जाने के बाद सच्चाई पूरी तरह से सामने आ पाएगी. आपको बता दें कि रोहित वर्मा रांची के पुनदाग इलाके का रहने वाला है. कुछ अपराधी कांडों में हाल ही में उसका नाम सामने आया था. वहीं 14 जनवरी को लोहरदगा में सुभाष जयसवाल की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. वह रांची के पंडरा में हुए 13 लाख रुपए लूट कांड का आरोपी भी था.अनिल टाइगर की हत्या करने रोहित और अमन दोनों ही बाइक से कांके चौक पहुंचे थे. गोली मारकर फरार होने की कोशिश में लगे दोनों अपराधियो का सामना पुलिस से हुआ, जिसके बाद फायरिंग में रोहित को गोली लगी और पकड़ा भी गया. हालांकि दूसरा शूटर अमन सिंह फरार होने में कामयाब रहा.इस घटना में पुलिस ने एक अपराधी को तो आधे घंटे के अंदर एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया. वहीं दूसरे अपराधी अमन सिंह की तलाश की जा रही है. डीआईजी सह रांची एसएसपी चन्दन कुमार सिन्हा खुद ही पूरे मामले की मॉनिटरिंग कर रहे हैं. एसएसपी ने बताया की पूरे मामले का खुलासा जल्द किया जाएगा.अनिल टाइगर की हत्या के विरोध में आज यानी गुरुवार को रांची बंद का एलान किया गया है. रांची पुलिस के द्वारा आम लोगों से यह अपील की गई है कि वे लोग बंद के दौरान किसी भी तरह का उपद्रव ना करें. कानून को अपने हाथ में ना ले. प्रदर्शन को पूरी तरह से शांतिपूर्ण रखें. कानून तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने पलामू पुलिस को दी ट्रेनिंग :

News Pratyaksh | Updated : Thu 27th Mar 2025, 09:20 am
नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने पलामू पुलिस को दी ट्रेनिंग : नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने पलामू पुलिस के अधिकारियों को नशे के सौदागरों के खिलाफ कार्रवाई करने के कई टिप्स दिए हैं. एनसीबी की तरफ से यह बताया गया है कि कार्रवाई के दौरान किस तरह से सावधानी बरतनी है और आरोपियों को सजा दिलवाने के लिए कौन-कौन से बिंदुओं पर कार्रवाई करने की जरूरत है.नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस एक्ट (एनडीपीएस एक्ट) की धाराओं को लेकर नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो और अनुसंधान प्रशिक्षण विद्यालय रांची की तरफ से एक प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया था. प्रशिक्षण शिविर में एनसीबी की खुफिया अधिकारी कुमार मनोहर मंजुल, अनुसंधान प्रशिक्षण विद्यालय के इंस्पेक्टर आषित कुमार मोदी ने पलामू पुलिस अधिकारियों को कई बिंदुओं पर जानकारी एवं प्रशिक्षण दिया.इस प्रशिक्षण शिविर में पलामू के सभी डीएसपी इंस्पेक्टर एवं थाना प्रभारी मौजूद थे. प्रशिक्षण शिविर में पुलिस अधिकारियों को यह बताया गया है कि नशे के सौदागरों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान किस तरह सावधान रहना है. कार्रवाई के दौरान प्रावधान की प्रक्रिया, जब्ती, गिरफ्तारी, इन्वेंटरी सैंपलिंग को लेकर कई बिंदुओं पर प्रशिक्षण दिया गया है.दरअसल, पलामू के इलाके में अफीम तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई जारी है. पलामू के विभिन्न इलाकों में कई एकड़ में अफीम की फसल नष्ट की गई है. पलामू एसपी रीष्मा रमेशन ने बताया कि प्रशिक्षण के बाद नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई में पुलिस अधिकारियों को काफी सहायता मिलेगी. प्रशिक्षण में पलामू पुलिस के सभी अधिकारी मौजूद थे.

तोरपा पुलिस की बड़ी कार्रवाई :

News Pratyaksh | Updated : Thu 27th Mar 2025, 09:19 am
तोरपा पुलिस की बड़ी कार्रवाई : तोरपा पुलिस ने दो भाइयों को गिरफ्तार कर बुधवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. दोनों भाइयों पर अफीम की खेती करने का आरोप है. इनके खेतों में लगी फसलों को भी तोरपा पुलिस ने विनष्ट कर दिया था. उसके बाद जीआर के आधार पर तोरपा थाने में एफआईआर दर्ज की गई. जांच के बाद जीआर के सत्यापन में पाया गया कि जिस जमीन से पुलिस ने अफीम की फसल को नष्ट किया है वो मनसिद्ध तिडू और संतोष तिडू की है.इसके बाद पुलिस ने मंगलवार को दोनें भाइयों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों में 35 वर्षीय मनसिद्ध तिडू और 44 वर्षीय संतोष तिडू शामिल हैं. दोनों सारिदकेल गांव के रहने वाले हैं. पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 18 के तहत मामला दर्ज किया है.एएसपी क्रिस्टोफर केरकेट्टा ने बताया कि तोरपा अनुमंडल से हाल ही में 10 लोगों को अफीम की खेती करने के आरोप में जेल भेजा है. एसपी अमन कुमार के निर्देशन पर तोरपा अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न थाना क्षेत्रों से अफीम की फसलों को नष्ट करते हुए अफीम उगाने वाले किसानों को चिन्हित कर कार्रवाई जारी है.उन्होंने बताया कि मनसिद्ध तिडू और संतोष तिडू के जमीन के जीआर पर एफआईआर दर्ज की गई थी. जांच के बाद जमीन दोनों भाइयों के नाम पायी गयी और फिर दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया. छापेमारी दल में एएसपी क्रिस्टोफर केरकेट्टा, सर्किल इंस्पेक्टर अशोक कुमार सिंह, थाना प्रभारी मुकेश कुमार हेम्बरम, पुअनि अमरेंद्र मंडल सहित तोरपा थाना के सशस्त्र बल शामिल था.
Follow us
Categories
Latest News
Popular Categories