Lifestyle


गोपालगंज में हादसा, दो लोगों की मौत :

News Pratyaksh | Updated : Thu 23rd Jan 2025, 08:51 am
गोपालगंज जिले के कुचायकोट थाना क्षेत्र के सेमरा-सासामुसा मुख्य मार्ग पर खजूरी गांव के पास बुधवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक पिकअप और कमांडर जीप की भिड़ंत में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। दुर्घटना के बाद दोनों वाहन सड़क किनारे पलट गए, और चालक मौके से फरार हो गए। मृतकों में गोपालगंज जिले के गोपालपुर थाना क्षेत्र के ढेबवां गांव निवासी मौलादीन अंसारी (50 वर्ष) और बंजरिया गांव निवासी योगेंद्र माझी (58 वर्ष) शामिल हैं। वहीं, घायलों में जैत नरहवां गांव की पूनम देवी और पुतुल देवी बताई जा रही है।हादसे की सूचना मिलते ही कुचायकोट पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुचायकोट ले जाया गया। चिकित्सकों ने मौलादीन अंसारी और योगेंद्र माझी को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल पूनम देवी और पुतुल देवी को प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति को चिंताजनक देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गोपालगंज रेफर कर दिया गया।हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गोपालगंज भेज दिया है। वहीं, घटना के बाद से स्थानीय लोग सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की मांग कर रहे हैं।

बिहार से सिलीगुड़ी का सफर होगा और आसान :

News Pratyaksh | Updated : Mon 20th Jan 2025, 11:38 am
बिहार से सिलीगुड़ी का सफर होगा और आसान :बिहार के दो सड़क परियोजनाओं को केंद्र सरकार से मंजूरी मिली है. केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गड़करी ने इसकी जानकारी सोशल मीडिया X पर दी है. इन दो सड़क परियोजनाओं में एक सड़क आमस-दरभंगा एक्सप्रेसवे है जबकि दूसरी सीमांचल इलाके की फोरलेन सड़क है.किशनगंज-बहादुरगंज के बीच 24.849 किलोमीटर की फोरलेन हाइवे बनने वाली है. इस सड़क के तैयार होने पर बिहार से सिलीगुड़ी का सफर भी और आसान हो जाएगा.बिहार के किशनगंज जिले में सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए एक महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट को मंजूरी केंद्र सरकार ने दे दी है. इस प्रोजेक्ट के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग-27 और राष्ट्रीय राजमार्ग – 327 ई को जोड़ा जाएगा. इसके लिए किशनगंज- बहादुरगंज प्रखंड में 24.849 किलोमीटर लंबा फोरलेन हाईवे बनाया जाएगाकिशनगंज-बहादुरगंज के बीच बनने वाली इस सड़क परियोजना पर 1117.01 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे. एक महत्वपूर्ण आर्थिक कॉरिडोर का हिस्सा बनने वाला यह फोरलेन पूर्व-पश्चिम कॉरिडोर को सीधा जोड़ देगा. इस फोरलेन के बन जाने के बाद विभिन्न शहरों से सिलीगुड़ी के बागडोगरा हवाई अड्डे तक जाने में और अधिक सहूलियत हो जाएगी. लोग कम समय में लंबी दूरी के इस सफर का आनंद ले सकेंगे. इस फोरलेन के बनने से स्थानीय लोगों को भी लाभ होगा और आर्थिक विकास भी होगा.

झारखंड विधानसभा का बजट सत्र 24 फरवरी से शुरू हो रहा है

News Pratyaksh | Updated : Tue 14th Jan 2025, 11:57 am
झारखंड विधानसभा का बजट सत्र 24 फरवरी से शुरू हो रहा है, जिसे राज्यपाल संतोष गंगवार ने मंजूरी दे दी है। 24 फरवरी से शुरू होकर 27 मार्च तक बजट सत्र चलेगा। बजट सत्र के पहले दिन नए सदस्यों के शपथ ग्रहण के अलावा राज्यपाल का अभिभाषण और शोक प्रकाश का कार्यक्रम है। बजट सत्र के पहले दिन 24 फरवरी को साढ़े ग्यारह बजे राज्यपाल का अभिभाषण होगा। देश की दिवंगत विभूतियों को इस दिन याद कर श्रद्धांजलि देने के साथ सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी जाएगी। बजट सत्र में कुल 20 कार्य दिवस निर्धारित हैं।3 मार्च को पेश होगा बजटराज्यपाल के अभिभाषण पर दूसरे दिन 25 फरवरी और तीसरे दिन 27 फरवरी को वाद-विवाद के साथ सरकार का उत्तर होगा। 26 फरवरी को अवकाश रहेगा। 28 फरवरी को सरकार चालू वित्त वर्ष का तीसरा अनुपूरक बजट पेश करेगी। तीन मार्च को प्रश्नकाल के बाद वित्त वर्ष 2025-26 का बजट हेमंत सरकार पेश करेगी। सत्र के अंतिम दिन 27 मार्च को प्रश्नकाल, राजकीय विधेयक और गैर सरकारी संकल्प लाए जाएंगे। ये रहा बजट सत्र का पूरा शेड्यूल24 फरवरी : नए सदस्यों की शपथ, राज्यपाल का अभिभाषण, शोक प्रकाश 25 फरवरी: प्रश्नकाल, राज्यपाल के अभिभाषण पर वाद-विवाद 26 फरवरी : अवकाश 27 फरवरी : प्रश्नकाल, वित्तीय वर्ष 2024-25 का तीसरा अनुपूरक बजट, राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा, सरकार का उत्तर 28 फरवरी : प्रश्नकाल, अनुपूरक पर चर्चा 01 से 02 मार्च : अवकाश 03 मार्च : वित्तीय वर्ष 2025-26 का बजट 04 से 07 मार्च: प्रश्नकाल, बजट पर वाद-विवाद 08 से 09 मार्च: अवकाश 10 से 11 मार्च: प्रश्नकाल, बजट पर वाद-विवाद 12 से 16 मार्च तक : अवकाश 17 से 21 मार्च: प्रश्नकाल, बजट पर वाद-विवाद 22-23 मार्च: अवकाश 24 मार्चः प्रश्नकाल, बजट पर वाद-विवाद, विनियोग विधेयक 25 मार्च: प्रश्नकाल, राजकीय विधेयक 26 मार्च: प्रश्नकाल, राजकीय विधेयक व अन्य राजकीय कार्य 27 मार्च: प्रश्नकाल, राजकीय विधेयक, गैर सरकारी संकल्प

पूर्वी सिंहभूम में एक पति ने अपनी पत्नी और दो बच्चों को कुल्हाड़ी से काट कर हत्या कर दी :

News Pratyaksh | Updated : Tue 12th Nov 2024, 03:10 pm
#newspratyaksh #Jharkhand #MurderCase पूर्वी सिंहभूम में एक पति ने अपनी पत्नी और दो बच्चों को कुल्हाड़ी से काट कर हत्या कर दी. वहीं अन्य दो बच्चों की हालत गंभीर है. जानकारी के मुताबिक पति ने जब हमला किया तब सभी लोग सोए हुए थे. घटना के बाद घायल बच्चों को एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है.पूर्वी सिंहभूम जिले के मुसाबनी थाना क्षेत्र के फूलझरी गांव के टोला खड़ियासाईं निवासी कुंवर टुडू ने पारिवारिक कलह और नशे की हालत में रात 1:30 से 2:00 बजे के बीच सोए अवस्था में अपनी पत्नी मायनो टुडू 40 वर्ष, पुत्र सागुन टुडू 14 वर्ष, सागेन टुडू 12 वर्ष, मंगल टुडू 4 वर्ष और बेटी मालती टुडू 8 वर्ष पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला किया. इससे घटनास्थल पर ही एक पुत्र की मौत हो गई. जबकि घाटशिला अनुमंडल अस्पताल लाने के दौरान पत्नी और अन्य एक पुत्र की मौत हो गई. पत्नी और दो पुत्र समेत तीन की मौत से गांव दहल उठामंगल टुडू 4 वर्ष तथा पुत्री मालती टुडू 8 वर्ष को गंभीर अवस्था में जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया है. आरोपी कुंवर टुडू बागजाता माइंस में ठेका मजदूरी में काम करता है. 1:30 बजे रात में पत्नी तथा चार बच्चों पर कुल्हाड़ी से हमला किया. इसके बाद कुंवर टुडू ने भी आत्महत्या करने की कोशिश की पर वह बच गया. इस दौरान वह भी गंभीर रूप से जख्मी हो गया.

राजधानी रांची में एक पुल निर्माण कंपनी को उग्रवादी अमित मुंडा के नाम पर रंगदारी के लिए धमकी दी गयी है.

News Pratyaksh | Updated : Wed 29th May 2024, 06:44 am
राजधानी रांची में एक पुल निर्माण कंपनी को उग्रवादी अमित मुंडा के नाम पर रंगदारी के लिए धमकी दी गयी है. मामला नामकुम थाना क्षेत्र अंतर्गत गरुड़ पीढ़ी व बरेडंडा के बीच टुण्डी़ नदी पर पुल निर्माण कार्य करा रही कंपनी से जुड़ा है. यहां उग्रवादी अमित मुंडा के नाम पर रंगदारी के लिए धमकी दी गयी है. उक्त मामले में निर्माण कार्य करा रहे सुरेश कुमार गुप्ता ने प्राथमिकी दर्ज कराई है.बता दें कि दर्ज प्राथमिकी के अनुसार सुरेश कुमार गुप्ता पेशे से ठेकेदार हैं और वे ट्रांसपोर्टिंग का भी काम करते हैं. वे ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल के तहत गरुड़ पीढ़ी एवं बेरेडंडा के बीच टुण्डी नदी पर पुल निर्माण कार्य करा रहें हैं. इसी क्रम में 12 अप्रैल 2025 की शाम साढ़े सात बजे के करीब दो नकाबपोश उनके साइड पर पहुंचे. नकाबपोशों ने उन्हें अमित मुंडा के नाम का पर्ची दिया और काम बंद करने की बात कहते हुए चले गये. हालांकि, स्थानीय ग्रामीणों से बात कर उनके सहयोग से 10-15 दिन बाद दोबारा काम शुरु करवाया गया.इसके बाद 8 मई 2025 को अमित मुंडा के नाम से एक लेटर पैड मिला जिसके बाद से वो एवं साइड पर काम कर रहे लेबर और मुंशी डरे हुए हैं. सुरेश गुप्ता ने बताया कि पूर्व में 15 फरवरी 2023 को भी रामगढ़ के पतरातू में उनकी कंपनी साइड पर उग्रवादियों ने हमला कर काफी नुकसान पहुंचाया था. पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और जांच में जुटी गयी है.

बगहा में दिव्यांग शिविर में दर्जनों दिव्यांगों का हुआ परीक्षण :

News Pratyaksh | Updated : Wed 28th Feb 2024, 01:10 pm
 वाल्मीकिनगर सांसद सुनील कुमार की ओर से बुनियादी केंद्र बगहा दो में मंगलवार को दो दिवसीय दिव्यांगता परीक्षण शिविर का शुभारंभ किया गया। जिसमें कई दिव्यांगजनों ने इस परीक्षण शिविर में बढ़-चढ़कर भाग लिया।शिविर का शुभारंभ कर सांसद सुनील कुमार ने दिव्यांगों से बात की और शिविर में आए दो से अधिक दिव्यांगों का पंजीयन कराया गया और कानुपर के मेडिकल टीम के उनका जांच किया गया। सांसद सुनील कुमार ने बताया कि 28 फरवरी को कमल प्लॉट चौतरवा में दिवंगत सांसद बैद्यनाथ महतो के पुण्यतिथि पर स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा। जिसमें बगहा अनुमंडल अस्पताल के डॉक्टरो द्वारा मरीज को देखा जाएगा। जिसमें मरीज को मुफ्त में दवाई भी वितरण भी किए जायेगे।