Politics


PM सूक्ष्म खाद्य उन्नयन योजना महोत्सव में 80 से ज्यादा सजाए गए स्टॉल :

News Pratyaksh | Updated : Wed 19th Mar 2025, 11:07 am
 जिले में प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना महोत्सव की शुरूआत हुई. 2 दिवसीय महोत्सव का उद्घाटन उद्योग श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के मंत्री संजय प्रसाद यादव ने की. इस महोत्सव में 12 जिलों के लगभग 80 स्टॉल लगाए गए हैं. ये वैसे स्टॉल है, जिन्होंने योजना का लाभ लिया और खुद का व्यवसाय शुरू करके स्वावलंबी की एक नई कहानी लिखी है. कई स्टॉल ऐसे भी है जिसमें महिलाएं समूह लोन लेकर उत्पाद बना रही हैं.झारखंड सरकार में मंत्री संजय प्रसाद यादव ने कहा कि यह योजना आम लोगों के लिए बेहद लाभदायक है. जिसके जरिए लाभार्थी अपना उत्पाद बाजार में बेच रहे हैं और आत्मनिर्भर हो रहे हैं. इसमें समूह में लोन लेने के लिए 1 करोड़ रुपए से लेकर 3 करोड़ रुपए तक का प्रावधान है. वहीं निजी स्तर पर 10 लाख रुपए का लोन ले सकते हैं. जिसमें सब्सिडी का भी प्रावधान है. अपने उत्पाद को बेहतर पैकेजिंग करके मार्केट में लाभार्थी बेच रहे हैं. कई ऐसे स्टॉल हैं, जो आज के समय में लाखों रुपए का व्यवसाय कर रहे हैं. जिससे वह आर्थिक रूप से संपन्न हो रहे हैं.श्रम मंत्री संजय प्रसाद यादव ने इस दौरान सभी स्टॉल का निरीक्षण किया और उद्यमियों से चर्चा भी की. उन्हें बताया कि इस योजना का लाभ कैसे उठाएं? केंद्र सरकार के साथ राज्य सरकार भी वैसे लोग जो फूड प्रोसेसिंग में काम करना चाहते हैं उन्हें बेहतर मौका दे रही है. इस दौरान इन्होंने एक दुकान से रागी और ज्वार का आटा भी लिया. उद्यमी ने बताया कि केंद्र सरकार की योजना मिल का पत्थर साबित हो रही है.हजारीबाग उपयुक्त नैंसी सहाय ने कहा कि उद्यमियों को एक अच्छा मौका मिला है. इस महोत्सव में वह अन्य लोगों से भी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं. अपना उत्पाद बनाना और बेहतर पैकेजिंग करके बाजार में उतारना यह तमाम बिंदुओं की जानकारी एक परिसर में लोगों को दी जाती है.दरअसल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना की है. उनकी इस सोच को झारखंड के कई उद्यमी जिसमें महिलाओं की संख्या ज्यादा है वह धरातल पर उतर रही है. जिससे सिर्फ एक व्यक्ति नहीं बल्कि उनके साथ जुड़े हुए कई लोग रोजगार से जुड़ रहे हैं.

स्कूलों में सुविधा के नाम पर मजाक, 6 माह भी नहीं टिक पाई बेंच डेस्क

News Pratyaksh | Updated : Wed 19th Mar 2025, 10:55 am
स्कूलों में सुविधा के नाम पर मजाक, 6 माह भी नहीं टिक पाई बेंच डेस्क :जिले के स्कूलों में सुविधा बहाल करने के नाम पर लाखों रुपए खर्च किए जा रहे हैं. परंतु इसका लाभ स्कूल के बच्चों को नहीं मिल पा रहा है. बच्चों को बैठने के लिए स्कूलों में कुछ दिन पूर्व डीएमएफटी मद से बेंच डेस्क की आपूर्ति कराई गई थी. आरोप है कि 6 माह के अंदर ही अधिकांश बेंच डेस्क टूट कर कबाड़ बन गई हैं. लातेहार जिला परिषद सदस्यों ने इस मामले में दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है.दरअसल लातेहार जिले के सरकारी स्कूलों को सुविधा संपन्न बनाने के लिए जिला प्रशासन के द्वारा विभिन्न प्रकार की योजनाएं चलाकर स्कूलों में सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है. जिले के विभिन्न स्कूलों में उपलब्ध कराई गईं बेंच डेस्क की गुणवत्ता भ्रष्टाचार की पोल खोलने के लिए उदाहरण मात्र है.इधर स्कूलों में खराब गुणवत्ता वाली बेंच डेस्क की आपूर्ति किए जाने से स्कूल के शिक्षक भी परेशान हैं. शिक्षकों का कहना है कि इसकी आपूर्ति सीधे जिला से हुई है, इस कारण वे लोग इस पर कुछ बोल भी नहीं सकते थे. शिक्षकों ने बताया कि जिस दिन बेंच स्कूल में आई थीं उस दिन भी कई डेस्क हिल रहे थे. पूछने पर आपूर्तिकर्ता के द्वारा साफ कहा गया कि जाकर जिला में पता कीजिए. इसी कारण शिक्षक कुछ बोल नहीं पाए.इधर इस संबंध में जिला शिक्षा अधीक्षक ने कहा है कि यदि ऐसी बात है तो मामले की जांच की जाएगी और आवश्यक कार्रवाई भी की जाएगी.

जमाबंदी में सुधार को लेकर अंचलों में लगेंगे शिविर :

News Pratyaksh | Updated : Mon 10th Feb 2025, 11:20 am
जमाबंदी में सुधार को लेकर अंचलों में लगेंगे शिविर :पटना में जमाबंदी में सुधार करने के लिए अंचलों में शिविर लगाये जायेंगे. 15 मार्च तक शिविर का आयोजन कर जमाबंदी की त्रुटियों को सुधार किया जायेगा. इसके लिए लगनेवाले शिविर की जगह की जिम्मेवारी डीसीएलआर को मिलेगी. डीसीएलआर सुविधा के अनुसार शिविर लगनेवाली जगह का चयन करेंगे. जानकारों के अनुसार अंचल कार्यालयों के अलावा पंचायत सरकार भवन, सामुदायिक भवन आदि जगहों पर शिविर लगाये जायेंगे. इसे लेकर अपर समाहर्ता ने प्रस्ताव डीएम के पास भेजा है. डीएम से अनुमति मिलने के बाद डीसीएलआर को जिम्मेवारी मिलेगी.ऑनलाइन जमाबंदी नहीं होने पर लोगों को परेशानी हो रही है. इसके लिए आवेदन जमा किया जा रहा है. इसमें बड़ी संख्या में गड़बड़ी की शिकायत मिल रही है. ऑनलाइन जमाबंदी के लिए मूल प्रति से मिलान करने के बाद सभी भागों सहित पृष्ठवार सुधार किया जाएगा. अभियान के तहत शिविर लगाकर मूल जमाबंदी के डिजिटाइजेशन या इसके आधार पर ऑनलाइन जमाबंदी को दुरूस्त करने के काम होना है. राजस्व कर्मचारियों द्वारा हरेक मौजा की मूल जमाबंदी की स्कैंड और ऑनलाइन प्रति से मिलान किया जायेगा.जहां जमाबंदी स्कैंड नहीं हो सकी है. वहां मूल प्रति से मिलान करने के बाद सभी भागों सहित पृष्ठवार सुधार किया जायेगा.मूल जमाबंदी में दर्ज रैयत या भूमि संबंधी विवरण को हूबहू ऑनलाइन किया जाना है. किसी भी स्थिति में मूल जमाबंदी में अंकित आकड़ों के अतिरिक्त कोई अन्य प्रविष्टि या सुधार या मूल जमाबंदी में किसी प्रकार की छेड़छाड़ नहीं करनी है. अंचल कार्यालयों जमाबंदी में सुधार के लिए ई-जमाबंदी मॉड्यूल का इस्तेमाल किया जायेगा.पटना सदर सहित नये चार अंचलों में परिमार्जन प्लस (डिजिटाइज्ड जमाबंदी में सुधार) के 3206 मामले व परिमार्जन प्लस (ऑनलाइन अनुपलब्ध जमाबंदी का डिजिटाइजेशन) के 3832 मामले लंबित हैं.फुलवारीशरीफ अंचल में राजस्व कर्मचारी के पास 2997, फतुहा में राजस्व कर्मचारी के पास 1828, संपतचक में 1587, धनरूआ में 1582, फतुहा में राजस्व कर्मचारी के पास 1828 मामले लंबित है. खुसरूपुर व अथमलगोला अंचल को छोड़ कर शेष सभी अंचलों में लंबित आवेदनों की संख्या तीन डिजिट में है.

बिहार दौरे पर पहुंचे केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव :

News Pratyaksh | Updated : Mon 10th Feb 2025, 11:16 am
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव रविवार को बिहार के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे। रेल मंत्री बनने के बाद यह उनकी पहली बिहार यात्रा थी, जिसे लेकर कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में काफी उत्साह देखा गया। बेतिया रेलवे स्टेशन पर NDA कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और गुलदस्तों से उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और स्थानीय कार्यकर्ता मौजूद रहे।रेल मंत्री के दौरे की सबसे बड़ी उपलब्धि बहुप्रतीक्षित छावनी आरओबी (रेल ओवरब्रिज) का लोकार्पण रहा। इस पुल के खुलने से छावनी के भीषण जाम से लोगों को राहत मिलेगी, साथ ही शहर की रफ्तार तेज होगी। जिले की करीब 45 लाख की आबादी को इसका सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही नेपाल से जिला मुख्यालय तक डायरेक्ट कनेक्टिविटी भी संभव हो सकेगी।सभा को संबोधित करते हुए सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने घोषणा की कि 54 करोड़ रुपये की लागत से बेतिया रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास किया जाएगा। इसमें बेतिया राज की ऐतिहासिक झलक देखने को मिलेगी। उन्होंने बताया कि बेतिया स्टेशन का नया स्वरूप इसे एक आधुनिक और आकर्षक स्टेशन बनाएगा।छावनी ओवरब्रिज को लेकर 2016 में पहली बार 63 करोड़ रुपये की योजना बनाई गई थी। लेकिन बजट बढ़ने के कारण 2021 में इसे 68 करोड़ रुपये का आवंटन मिला। बाद में परियोजना की लागत बढ़कर 103.36 करोड़ रुपये हो गई। इसका शिलान्यास तीन मई 2017 को तत्कालीन रेल राज्य मंत्री मनोज कुमार सिन्हा ने किया था। इसे छह जून 2020 तक पूरा करने की योजना थी, लेकिन कोविड-19 महामारी और निर्माण एजेंसी की देरी के चलते यह समय पर पूरा नहीं हो सका। बीते वर्ष छह मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बेतिया दौरे के दौरान इस पुल के एक हिस्से का उद्घाटन किया था। अब रविवार को रेल मंत्री ने दूसरे हिस्से का उद्घाटन कर इसे पूरी तरह से जनता के लिए खोल दिया।

बांग्लादेशी नागरिक को भारत में पनाह देने वाला किशनगंज से गिरफ्तार:

News Pratyaksh | Updated : Fri 07th Feb 2025, 12:25 pm
बांग्लादेशी नागरिक को भारत में पनाह देने वाला किशनगंज से गिरफ्तार:बिहार के किशनगंज में भारत-बांग्लादेश सीमा की सुरक्षा में तैनात बीएसएफ जवानों ने बुधवार देर रात दो तस्करों को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपियों में से एक बांग्लादेश के मो. मुसा है, जबकि दूसरा मंजर आलम है, जो मुसा का साला है और भारतीय नागरिक बताया जा रहा है. वहीं गुरुवार रात विदेशी नागरिक को पनाह देने वाला सत्तार को भी गिरफ्तार किया गया है.मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार दो आरोपियों से आवश्यक पूछताछ के बाद उन्हें बंगाल पुलिस के हवाले कर दिया गया. इसके अलावा, किशनगंज पुलिस ने बिना वैध दस्तावेज के भारत में प्रवेश करने वाले बांग्लादेशी नागरिक को भारत में पनाह देने के आरोपी सत्तार को गिरफ्तार किया है.सत्तार पर आरोप है कि उसने बांग्लादेशी नागरिक सैफुल इस्लाम को भारत में पनाह दी थी. पुलिस ने गत दो फरवरी को सैफुल इस्लाम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. पूछताछ के दौरान उसने अपने पनाहगार के रूप में सत्तार के नाम का खुलासा किया था. फिलहाल पुलिस आरोपी सत्तार से पूछताछ कर रही है, लेकिन वह लगातार अपना बयान बदल रहा है.

बिहार में तेज पछुवा हवाएं बढ़ाएंगी सिहरन :

News Pratyaksh | Updated : Fri 07th Feb 2025, 12:17 pm
बिहार में तेज पछुवा हवाएं बढ़ाएंगी सिहरन : बिहार में आज मौसम सामान्य बना रहेगा. पटना, किशनगंज, पूर्णिया, मधेपुरा, सहरसा और सुपौल में सुबह के समय हल्का कोहरा छाए रहने की संभावना है. मौसम वैज्ञानिक एसके पटेल ने बताया कि अगले 24 घंटे के दौरान राज्य के सभी जिलों का मौसम शुष्क बना रहेगा. तेज उत्तर पश्चिमी हवा सुबह और शाम के समय ठंड का एहसास कराएगी. न्यूनतम तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी.राजधानी पटना में भी आज मौसम सामान्य बना रहेगा. सुबह में हल्का कोहरा छाया हुआ था उसके बाद धूप निकल गई. दिन में भी धूप खिली रहेगी. पूरे दिन हवा चलती रहेगी लेकिन की रफ्तार कम रहेगी. इससे कनकनी कम महसूस की जा सकती है. शुक्रवार को पटना का अधिकतम तापमान 28 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा.पिछले 24 घंटे की बात करें तो बक्सर सबसे गर्म जिला रहा. जहां का अधिकतम तापमान 28.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं, मोतिहारी सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. पिछले 24 घंटे के दौरान पटना समेत 30 जिलों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से अधिक रिकॉर्ड किया गया है.