Jharkhand


देवघर में आग ने मचाई तबाही, मीना बाजार की कई दुकानें जलकर राख, करोड़ों का नुकसान :-

News Pratyaksh | Updated : Sat 18th Jan 2025, 10:27 am
देवघर में आग ने मचाई तबाही, मीना बाजार की कई दुकानें जलकर राख, करोड़ों का नुकसान :-                                                                       देवघर: जिले के नगर थाना मीना बाजार के पास शुक्रवार की देर रात भीषण आग लग गई. आग की घटना में कई दुकानें जलकर राख हो गई. फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है. घटना को लेकर स्थानीय लोगों ने बताया कि सभी दुकानदार जब अपनी दुकान बंद करके घर चले गए थे तभी उन्हें जानकारी मिली कि उनकी दुकान में आग लग गई है.दुकान के आसपास रहने वाले दुकानदार जब मौके पर पहुंचे तो देखा कि आग काफी भयावह है. शुरुआत में लोगों ने अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास करना शुरू किया. वहीं, कुछ लोगों के द्वारा घटना की जानकारी फायर ब्रिगेड की टीम को दी गई. जिसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया. आग से हुए नुकसान को लेकर आक्रोशित दुकानदारों ने कहा कि यह असामाजिक तत्वों द्वारा आग की घटना को अंजाम दिया गया है. हालांकि इसे लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.खुदरा व्यापारी संघ के सदस्य प्रमोद केसरी ने बताया कि मीना बाजार के दुकानदारों ने नगर निगम एवं जिला अधिकारी को कई बार बाजार में सुरक्षा मुहैया कराने के लिए सूचित किया गया है लेकिन अभी तक बाजार के किसी भी गेट पर सुरक्षा कर्मियों की तैनाती नहीं हुई है. दुकानदारों ने बताया कि यदि दमकल की टीम नहीं आती तो देर रात मीना बाजार के सारे दुकानों में आग लग जाती. आगजनी की घटना में करीब एक करोड़ से ज्यादा रुपए के नुकसान हुए हैं. आठ से दस दुकानें जलकर राख हो गई है.

राष्ट्रीय पुस्तक मेला का आगाज, रांची में 10 दिन तक किताबों का महाकुंभ

News Pratyaksh | Updated : Sat 18th Jan 2025, 10:26 am
राष्ट्रीय पुस्तक मेला का आगाज, रांची में 10 दिन तक किताबों का महाकुंभ, मिलेगा दुनिया भर का ज्ञान ,रांची: राजधानी के जिला स्कूल मैदान में अक्षरों का संसार सजा है. 26 जनवरी 2025 तक आयोजित इस राष्ट्रीय पुस्तक मेला का उद्घाटन राज्यसभा सांसद महुआ माजी, विधायक सीपी सिंह, जाने माने हिन्दी साहित्यकार जंग बहादुर पांडे ने संयुक्त रूप से किया. समय इंडिया, नई दिल्ली और बिहार राज्य अभिलेखागार निदेशालय, पटना के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 10 दिवसीय इस राष्ट्रीय पुस्तक मेले में एक से बढ़कर एक किताबें मौजूद हैं.रांची के जिला स्कूल मैदान को लगभग दो दर्जन से अधिक प्रकाशन द्वारा सजाई गई इस किताबों की दुनियां में गीता प्रेस की आध्यात्मिक किताब जहां शोभा बढ़ा रही है, वहीं इतिहास के पन्नों को समेटे इतिहास और भारतीय संविधान की एक से बढ़कर एक किताबें पुस्तक प्रेमियों को अपनी ओर खींच रही है. राष्ट्रीय पुस्तक मेला का विधिवत शुभारंभ करते हुए मुख्य अतिथि और प्रख्यात साहित्यकार सह राज्यसभा सांसद डॉ महुआ माजी ने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि यदि पुस्तकें नहीं होती तो हम अपनी परम्परा, संस्कृति और ज्ञान संपदा को नहीं जान पाते.इस पुस्तक मेला के उद्घाटन समारोह में पहुंचे विधायक सीपी सिंह ने पुस्तकों को व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया. उन्होंने कहा कि पुस्तक लिखना आसान नहीं, बहुत साधना और संयम की जरूरत होती है. मौके पर जाने माने साहित्यकार जंग बहादुर पांडे ने पुस्तक की उपयोगिता बताते हुए कहा कि भगवान श्री कृष्ण ने गीता में पूछा अर्जुन से कि संसार में सबसे पवित्र वस्तु कौन सी है.अर्जुन के जवाब पर भगवान कृष्ण ने गीता के चौथे अध्याय के 38वें श्लोक में सबसे पवित्र वस्तु ज्ञान बताते हुए कहा कि इसी से विश्व का कल्याण है. इस ज्ञान की प्राप्ति बगैर अध्ययन से नहीं हो सकती है. इसलिए पुस्तक हमेशा से उपयोगी रहा है और हमेशा रहेगा. पुस्तक मेला से पुस्तक के प्रति आकर्षक और बढ़ता है और ज्ञान की प्राप्ति होती है.

राज्य में एक भी इन्क्यूवेशन सेंटर नहीं :

News Pratyaksh | Updated : Fri 17th Jan 2025, 10:40 am
राज्य में एक भी इन्क्यूवेशन सेंटर नहीं : झारखंड में हजारों उद्यमी हैं. उनके पास एक-से-बढ़ कर एक इनोवेटिव आइडिया है. काम करने की क्षमता है, पर राज्य में न उन्हें रजिस्टर्ड किया जा रहा है और न ही उन्हें पूंजी बेनिफिट मिल रहा है. जिससे कई उद्यमी ओड़िशा जाकर स्वयं को रजिस्टर्ड करा रहे हैं. यह बातें चेंबर के स्टार्टअप उप समिति के चेयरमैन अमित अग्रवाल ने नेशनल स्टार्टअप डे के मौके पर गुरुवार को चेंबर भवन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कही. उन्होंने कहा कि राज्य में एक भी इन्क्यूवेशन सेंटर नहीं है. जबकि केवल रांची में ही 10 इन्क्यूवेशन सेंटर होने चाहिए.अमित अग्रवाल ने कहा कि एक्साइज बिल्डिंग में स्थापित इनोवेशन लैब पांच वर्ष से बंद है. उसे चालू कराने की जरूरत है. झारखंड में साल 2023 में संशोधित स्टार्टअप पॉलिसी का अब तक क्रियान्वयन नहीं हो सका है. जबकि दो वर्ष से इस पॉलिसी को प्रभावी करने की मांग की जा रही है, लेकिन विभाग द्वारा बार-बार एसओपी बनाने की बात कही जाती है.ची. केंद्रीय बजट में झारखंड के आर्थिक विकास से जुड़े मुद्दों का समायोजन हो सके, इसे देखते हुए चेंबर भवन में प्रत्यक्ष कर उप समिति की बैठक गुरुवार को हुई. अध्यक्षता चेंबर अध्यक्ष परेश गट्टानी ने की. इस दौरान सदस्यों ने केंद्रीय बजट में झारखंड को विशेष राज्य का दर्जा देने की मांग की. सदस्यों ने कहा कि डायरेक्ट टैक्स कोड 2025 में इंप्लीमेंटेशन लाने की आवश्यकता है. इससे बहुत बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा. इस संहिता के तहत पूंजीगत लाभ को सामान्य आय के हिस्से में शामिल किया जायेगा. इससे संभावित रूप से उन पर उच्च कर दरें लागू होंगी. हालांकि, इससे पहले पूंजीगत लाभ पर अक्सर कम दरों पर अलग से कर लगाया जाता था. सदस्यों ने केंद्रीय बजट में व्यापारियों को सामाजिक सुरक्षा देने व झारखंड में स्पेशल इकोनॉमिक जोन घोषित करने की भी मांग की. उप समिति के चेयरमैन सीए पंकज मक्कड़ ने कहा कि झारखंड की प्रगति के लिए चेंबर द्वारा जल्द ही सुझाव केंद्रीय वित्त मंत्रालय को सौंपा जायेगा. मौके पर महासचिव आदित्य मल्होत्रा, को-चेयरमैन अर्पित जैन, श्रद्धा बागला, हरिकांत वत्स, अनीश जैन आदि उपस्थित थे.

झारखंड के सभी घरों में वर्ष 2025 में स्मार्ट मीटर लग जाएंगे :

News Pratyaksh | Updated : Fri 17th Jan 2025, 10:39 am
झारखंड के सभी घरों में वर्ष 2025 में स्मार्ट मीटर लग जाएंगे :इस वर्ष झारखंड के सभी बिजली उपभोक्ताओं के घरों में स्मार्ट मीटर लगाये जायेंगे. झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड ने यह काम शुरू कर दिया है. दूसरे चरण में 13.41 बिजली उपभोक्ताओं के घरों में स्मार्ट मीटर लगाये जायेंगे. इसमें ज्यादातर शहरी क्षेत्र के उपभोक्ता हैं. रांची और धनबाद में पहले से ही स्मार्ट मीटर लगाने का काम चल रहा है. रांची में 3.50 लाख घरों में स्मार्ट मीटर लगाने का लक्ष्य है, जिसमें 3 लाख घरों में स्मार्ट मीटर लग चुके हैं. वहीं, धनबाद में एक लाख घरों में मीटर लगाना है, जिसमें 75 हजार घरों में मीटर लग चुके हैं. दूसरे चरण में रांची व धनबाद में भी 40-40 हजार अतिरिक्त उपभोक्ताओं के घरों में मीटर लगाये जायेंगे. केंद्र सरकार की आरडीएसएस स्कीम के तहत राज्य भर के सभी बिजली उपभोक्ताओं के घरों में स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाये जाने हैं. राज्यभर में 46.48 लाख घरेलू उपभोक्ता हैं.स्मार्ट प्रीपेड मीटर को एक्यूरेट रीडिंग के लिए जाना जाता है. उपभोक्ता जितनी बिजली खपत करना चाहते हैं, उसकी एक अनुमानित राशि पूर्व में ही री-चार्ज कराके जमा कर सकते हैं. वे जेबीवीएनएल की वेबसाइट अथवा कंज्यूमर सेल्फ केयर ऐप में जाकर लाइव खपत, लोड आदि की जानकारी ले सकते हैं. यदि उपभोक्ता कहीं बाहर जा रहे हैं, तो वह वेबसाइट पर इसकी सूचना देकर अपनी बिजली आपूर्ति बंद करा सकते हैं अथवा मेन स्विच ऑफ करके जा सकते हैं.

देवघर जिले के जसीडीह स्थित पागल बाबा आश्रम के मंदिर से भगवान के मुकुट और दानपात्र की चोरी हो गई :

News Pratyaksh | Updated : Fri 17th Jan 2025, 10:34 am
देवघर जिले के जसीडीह स्थित पागल बाबा आश्रम के मंदिर से भगवान के मुकुट और दानपात्र की चोरी हो गई :देवघर जिले से बड़ी खबर आ रही है. एक आश्रम के मंदिर से चांदी के मुकुट और दानपात्र से पैसों की चोरी हो गई है. जसीडीह थाना क्षेत्र के पागल बाबा आश्रम में स्थित राधा-कृष्ण मंदिर से भगवान के चांदी के मुकुट और दान पात्र से सारे पैसे चोर उड़ा ले गए. चोरों ने भगवान राधा-कृष्ण की मूर्ति के चांदी के मुकुट सहित चांदी की राधा-कृष्ण की मूर्ति, दो दान पेटी तोड़कर उसमें से करीब एक लाख रुपये और मंदिर से अन्य सामानों की चोरी कर ली. गुरुवार रात में चोर मंदिर का ताला तोड़कर अंदर घुसे और मूर्ति, मुकुट, दान पेटी के रुपये व अन्य सामान लेकर फरार हो गए.घटना की सूचना मिलते ही जसीडीह थाने के एसआई विनोद कुमार ने पुलिस बलों के साथ मंदिर पहुंचकर जांच-पड़ताल की. जांच के दौरान पुलिस ने मंदिर परिसर के पास स्थित गौशाला से दोनों दान पेटियां बरामद कर ली. मंदिर के पुजारी धनंजय कुमार पाठक ने बताया कि गुरुवार की रात 9:00 बजे मंदिर का दरवाजा बंद करके वह सोने चले गये थे. शुक्रवार को सुबह एक व्यक्ति ने आकर कहा कि मंदिर की दान पेटी गायब है.इसके बाद पुजारी और लीलानंद पागल बाबा विद्यापीठ के प्राचार्य संदीप कुमार मिश्रा ने मंदिर में जाकर देखा कि मंदिर का दरवाजा खुला है. भगवान पर लगे मुकुट गायब हैं. इसके बाद चोरी की आशंका होने पर जांच-पड़ताल की, तो पाया कि चांदी के मुकुट, चांदी की 4 चरण पादुकाएं, राधा कृष्ण भगवान की 2 चांदी की मूर्तियां, शंकर भगवान का चांदी का अरघा, चांदी की 2 बड़ी कटोरियां, दान पेटी में रखे करीब एक लाख रुपये गायब हैं. इसके बाद घटना की सूचना थाने को दी गई. पुलिस मंदिर में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है.

थावे डाइट में 18 वर्षीय राधिका का शव पंखे से लटका मिला :

News Pratyaksh | Updated : Fri 17th Jan 2025, 10:29 am
थावे डाइट में 18 वर्षीय राधिका का शव पंखे से लटका मिला :थावे डाइट में काम करने वाली रसोइया की पंखे से लटकता हुआ शव मिला है। शव के मिलने की सूचना जैसे ही डायट सेंटर में मौजूद लोगों को मिली, वैसे ही वहां सनसनी फैल गई। हालांकि पंखे से शव के लटकने की सूचना तत्काल थावे पुलिस को दी गई। इसके बाद थावे पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है।बताया जाता है कि 18 वर्षीय राधिका कुमारी थावे स्थित डायट सेंटर में रसोईया का काम करती थी। जानकारी के मुताबिक गुरुवार को सुबह राधिका कुमारी के कमरे का दरवाजा नहीं खुला। तब दूसरे कर्मियों ने दरवाजे के बाहर से आवाज लगाई। लेकिन अंदर से कोई आवाज नहीं आई।इसके बाद इसकी सूचना डायल 112 को दी गई। डायल 112 के टीम जब मौके पर पहुंची तब पुलिस की मौजूदगी में दरवाजा तोड़ा गया। कमरे के अंदर का नजारा देखकर हर कोई हैरान हो गया। कमरे में युवती का शव पंखे से लटकता मिला। शव मिलने की सूचना कर्मियों ने मृतका के परिजनों को दी।मृतका के भाई गोविंद कुमार ने बताया कि उन्हें फोन कर बताया गया था कि उनकी बहन की तबीयत खराब है। जब वह थावे स्थित डायट सेंटर में पहुंचे तो वहां उसके कमरे में ताला लगा हुआ था। उन्हें बताया गया कि उनकी बहन को सदर अस्पताल में भेजा गया है। जब वह सदर अस्पताल पहुंचे तो वहां पर कोई नहीं था। फिर जब वह थावे डाइट में पहुंचे तो देखा कि यहां पर उसके बहन के कमरे का ताला टूटा हुआ था। उनकी बहन का शव जमीन पर पड़ा हुआ था।बहरहाल, थावे पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य इकट्ठा करने में लग गई है। गोपालगंज पुलिस हत्या या आत्महत्या दोनों पहलुओं को लेकर अन्य कर्मियों से पूछताछ कर रही है।
Follow us
Categories
Latest News
Popular Categories