Jharkhand


झारखंड के मंत्री ने आंदोलनकारियों को किया सम्मानित, बोले- आपके बलिदान और संघर्ष का परिणाम है राज्य का गठन :

News Pratyaksh | Updated : Sat 25th Jan 2025, 11:15 am
झारखंड के मंत्री ने आंदोलनकारियों को किया सम्मानित, बोले- आपके बलिदान और संघर्ष का परिणाम है राज्य का गठन :पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा में कोल्हान विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया. इस समारोह में झारखंड आंदोलन में अपना अमूल्य योगदान देने वाले 181 आंदोलनकारियों को सम्मानित किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता झारखंड सरकार के राजस्व मंत्री दीपक बिरुवा ने की. इस समारोह में सिंहभूम प्रमंडल के आयुक्त हरि कुमार केसरी, कोल्हान पुलिस उपमहानिरीक्षक मनोज रतन चौथे, जिला दंडाधिकारी कुलदीप चौधरी सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे. सभी अतिथियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया.मौके पर लोगों को संबोधित करते हुए मंत्री दीपक बिरुवा ने कहा कि आज झारखंड आंदोलन में अपना बलिदान देने वाले आंदोलनकारियों को सम्मानित किया गया. उन्होंने कहा कि झारखंड राज्य का निर्माण आप सभी के बलिदान और संघर्ष का परिणाम है. राज्य सरकार आंदोलनकारियों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है. मंत्री दीकर बिरुआ ने आंदोलनकारियों को आश्वस्त किया कि सरकार उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हर संभव प्रयास करेगी.वहीं, उपायुक्त कुलदीप चौधरी ने कहा कि झारखंड आंदोलनकारियों ने राज्य के निर्माण में अहम भूमिका निभाई है. उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा. समारोह में उपस्थित सभी आंदोलनकारियों को अंगवस्त्र और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. साथ ही राष्ट्रीय मतदाता दिवस के मौके पर सभी ने मतदान करने की शपथ ली.

पटना में झारखंड की छात्रा से रेप, बीमार होने का बहाना बनाकर घर बुलाया, आरोपी को ढूंढ रही पुलिस -

News Pratyaksh | Updated : Wed 22nd Jan 2025, 11:55 am
पटना में झारखंड की छात्रा से रेप, बीमार होने का बहाना बनाकर घर बुलाया, आरोपी को ढूंढ रही पुलिस -                                                                 पटना: बिहार की राजधानी पटना में छात्रा के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया है. उसके दोस्त ने ही पहले नशीला पदार्थ खिलाकर उसे बेहोश कर दिया, फिर बेहोशी की हालत में उसके साथ दुष्कर्म किया. घटना के बाद से आरोपी फरार है. वहीं, पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी में जुट गई है.पीड़ित छात्रा झारखंड के गिरिडीह की रहने वाली है. 22 वर्षीय पीड़िता पटना के पत्रकार नगर थाना क्षेत्र में किसी निजी हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करती है. पढ़ाई के दौरान ही आरोपी युवक से उसकी दोस्ती हुई थी. कई बार दोनों के बीच मुलाकात हुई थी. इसी बीच कुछ दिन पहले आरोपी ने उसे अपनी बीमारी के बहाने कमरे में बुलाया. लड़की जब उसके पास आई तो उसने धोखे से नशीला पदार्थ मिलाकर खिला दिया. जब लड़की बेहोश हो गई, तब उसके साथ दुष्कर्म किया. पुलिस के मुताबिक पिछले साल पीड़िता की लड़के से दोस्ती हुई थी. पूछताछ में पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने उसे अपने बीमार होने का हवाला देकर घर बुलाया था. जब वो आरोपी के घर पहुंची तो वो अकेला था. वहां उसने नशीला पदार्थ खिलाकर उसे बेहोश कर दिया और उसके साथ रेप किया. होश में आने के बाद किसी तरह वो अपने घर पहुची. पीड़िता की मानें तो आरोपी बार-बार उसे धमकी देता था और घर बुलाता था. धमकी और ब्लैकमेलिंग के कारण मजबूरन वह कई बार युवक से मिलती रही. उसके साथ लगातार इस तरह की घिनौनी हरकत होने की वजह से उसकी तबीयत बिगड़ गई. जिसके बाद परिजनों ने उसे कंकड़बाग स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया."बीमार बोलकर उसने मुझे अपने घर बुलाया था. जहां कुछ नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया और मेरे साथ गलत किया. उसने मुझे धमकी भी दी. जब वह बार-बार मेरे साथ जबर्दस्ती करने लगा तब मैं भागकर अपने के घर चली गई."- पीड़ित छात्रा वहीं, पीड़ित छात्रा के बयान पर प्रियांशु सिंह राजपूत के खिलाफ केस दर्ज किया गया है. आरोपी कंकड़बाग का रहने वाला बताया जा रहा है. हालांकि शिकायत दर्ज होने के बाद से आरोपी युवक फरार है. थाना प्रभारी नीरज ठाकुर ने कहा कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी का जा रही है.

इंडो-नेपाल बॉर्डर पर बड़ी कार्रवाई, 76 हजार की जाली भारतीय-नेपाली नोट के साथ तस्कर गिरफ्तार -

News Pratyaksh | Updated : Wed 22nd Jan 2025, 11:53 am
इंडो-नेपाल बॉर्डर पर बड़ी कार्रवाई, 76 हजार की जाली भारतीय-नेपाली नोट के साथ तस्कर गिरफ्तार -                                                             मधुबनी: बीते दिनों बिहार पुलिस की ओर से जाली नोट को लेकर अलर्ट जारी किया गया था. पुलिस द्वारा जानकारी दी गयी थी कि बाजारों में नकली नोट सर्कुलेट हो रहा है. पीएमसीएच के हॉस्टल से 12 लाख के जाली नोट बरामद किए गए थे. इसी बीच मधुबनी में एसएसबी ने जाली नोट की तस्करी का खुलासा किया है. इंदो-नेपाल सीमा पर एसएसबी ने जाली मुद्रा के साथ एक संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. सीमावर्ती इलाकों में मानव तस्करी, जाली मुद्रा, हथियारों की तस्करी एवं अन्य अवैध गतिविधियों को रोकने को लेकर अभियान चलाया जा रहा था इसी दौरान यह कार्रवाई की गयी. दरअसल, एसएसबी को सूचना मिली थी कि बॉर्डर इलाके से जाली नोट की तस्करी होने वाली है. कमांडेंट गोविंद सिंह भण्डारी के निर्देशन में एक टीम का गठन किया गया. निरीक्षक भगवान सहाय मीणा एवं अन्य जवानों ने मिलकर सीमा पिलर संख्या 271/01 से लगभग 2 किलोमीटर दूर जयनगर के थाना क्षेत्र से लगभग 1 km की दूरी पर भारतीय क्षेत्र में एक संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार किया.तस्करों के पास से भारतीय जाली मुद्रा 23,300, भारतीय मुद्रा के असली नोट 2200 और नेपाली जाली मुद्रा 53000 बरामद किया गया. तस्कर की पहचान प्रभात यादव(36), पिता स्वर्गीय महादेव यादव लक्ष्मीपुर मधुबनी के रूप में की गई. गिरफ्तार तस्कर को जयनगर पुलिस के हवाले कर दिया गया है.

झारखंड में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए हुंडरू फॉल और दशम फॉल के साथ साथ नेतरहाट के मैग्नोलिया प्वाइंट पर ग्लास ब्रिज बनाया जाने वाला है :

News Pratyaksh | Updated : Tue 21st Jan 2025, 10:50 am
झारखंड में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए हुंडरू फॉल और दशम फॉल के साथ साथ नेतरहाट के मैग्नोलिया प्वाइंट पर ग्लास ब्रिज बनाया जाने वाला है :झारखंड में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार काम कर रही है. इसी कड़ी में अब बिहार के राजगीर में बने ग्लास ब्रिज के तर्ज पर झारखंड में भी ग्लास ब्रिज बनाने का फैसला लिया गया है. जिसके बाद लोग राजधानी रांची और गुमला जिले में भी स्काई वॉक का आनंद ले सकेंगे. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर पर्यटन विभाग ने रांची के हुंडरू फॉल और दशम फॉल के साथ साथ नेतरहाट के मैग्नोलिया प्वाइंट पर ग्लास ब्रिज बनाने का फैसला किया है. इसके लिए सरकार के तरफी से जमीन भी उपलब्ध करा दी गई है.पर्यटन विभाग ने ग्लास ब्रिज के निर्माण के ललिए राजगीर में स्काई ब्रिज का निर्माण करने वाली कंपनी से संपर्क किया है. कंपनी को तीनों ही स्थानों पर ग्लास ब्रिज का बनाने के लिए एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने को कहा गया है. बता दें कि भारत में फिलहाल हो जगहों पर ग्लास ब्रिज का निर्माण किया गया है. भारत में सबसे पहले सिक्किम के पेलिंग में पर्यटकों के लिए ग्लास ब्रिज बनाया गया था. उसके बाद बिहार के राजगीर में भी पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए ग्लास ब्रिज का निर्माण कराया गया था.ऐसी संभावना जताई जा रही है कि हुंडरू फॉल और दशम फॉल में ग्लास ब्रिज बनाए जाने के बाद पर्यटकों को वाटरफॉल घुमने के दौरान उसे अपने पैरों के नीचे देखने का अनोखा अनुभव मिलेगा. साथ ही झारखंड के पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा. ग्लास ब्रिज के निर्माण के लिए विस्तार से रिपोर्ट बनाने वाली कंपनी सबसे पहले दशम फॉल, हुंडरू फॉल और मैग्नोलिया प्वाइंट पर आने वाले पर्यटकों की संख्या का आकलन करेगी. इसके साथ ही रिपोर्ट में ब्रिज का डिजाइन, सुरक्षा मानकों का ब्योरा, आवश्यक जमीन का अधिग्रहण और मेंटेनेंस मॉडल जैसी सभी जानकारी दी जाएगी.

ओम बिरला ने सदन के अंदर घट रही बैठकों की संख्या पर चिंता जताते हुए इस पर गंभीर चिंतन की आवश्यकता जतायी :

News Pratyaksh | Updated : Tue 21st Jan 2025, 10:46 am
ओम बिरला ने सदन के अंदर घट रही बैठकों की संख्या पर चिंता जताते हुए इस पर गंभीर चिंतन की आवश्यकता जतायी :करीब 43 साल बाद बिहार एक बार फिर देशभर के पीठासीन अधिकारियों के सम्मेलन का सोमवार को गवाह बना. लोकसभा के अध्यक्ष और राज्य सभा के उप सभापति साथ देश भर के विधानसभा अध्यक्षों की मौजूदगी में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन के अंदर घट रही बैठकों की संख्या पर चिंता जताते हुए इस पर गंभीर चिंतन की आवश्यकता जतायी है. इसके साथ ही उन्होंने सदन के अंदर शब्दों की शुचिता व सदन की मर्यादा बनाये रखने के लिए राजनीतिक दलों को अपनी आदर्श आचार संहिता बनाने की सलाह दी है. लोकसभा अध्यक्ष सोमवार को बिहार विधानसभा के सेंट्रल हॉल में 85वें अखिल भारतीय पीठासीन अधिकारी सम्मेलन के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे. पीठासीन सम्मेलन के 104 साल के इतिहास में बिहार तीसरी बार इस दो दिवसीय आयोजन की मेजबानी कर रहा है.ओम बिरला ने कहा कि पीठासीन पदाधिकारी के तौर पर सभी राजनीतिक दलों के लोग शामिल हैं. पिछली बैठकों में हमने सदन में व्यवधान कम करने, वेल में आने, गरिमा-शुचिता बढ़ाने, माननीयों के अभिभाषण के दौरान गरिमा बरकरार रखने सहित कई मुद्दों पर गंभीर चर्चा की थी. इसके समाधान को लेकर आवश्यक है कि सभी दलों के अंदर आचार संहिता बनायी जाये. जनप्रतिनिधि जितना मर्यादापूर्ण आचरण करेंगे, उतनी सदन की गरिमा भी बढ़ेगी. उम्मीद है कि बिहार के इस ज्ञान की धरती से हम लोग इसका समाधान लेकर जायेंगे.उद्घाटन सत्र में लोकसभा अध्यक्ष ने संसदीय समितियों की भूमिका बढ़ाये जाने की भी वकालत की. उन्होंने सभी विधानसभा अध्यक्षों से आग्रह किया कि वे अपने सदन की समितियों की भूमिका को और बेहतर करें. उनकी भूमिका जितनी बढ़ेगी, शासन में उतनी ही जवाबदेही आयेगी और जनता के धन का सदुपयोग और निगरानी हो सकेगी. उन्होंने कहा कि 1993-1994 की बैठक में भी इससे संबंधित विचार आया था. गंभीर प्रयास हुए तो इसके परिणाम भी दिखेंगे.समारोह में राज्यसभा के उप सभापति हरिवंश, बिहार विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह, उप सभापति डॉ रामवचन राय और विधानसभा के उपाध्यक्ष नरेंद्र नारायण यादव सहित देश के विभिन्न राज्यों से आये विधानसभा अध्यक्ष व सभापति उपस्थित रहे. इस मौके पर एमएन काॅल और एसएल शंकधर द्वारा लिखित पुस्तक ”संसदीय पद्धति और प्रक्रिया का पांचवां चरण” का लोकार्पण लोकसभा अध्यक्ष ने किया. दो दिवसीय 85वें अखिल भारतीय पीठासीन अधिकारी के पहले दिन उद्घाटन सत्र के बाद पुराने विधानसभा भवन में संविधान की 75वीं वर्षगांठ पर ” संवैधानिक मूल्यों को सशक्त बनाये रखने में संसद एवं राज्य विधानमंडलों का योगदान ” विषय पर परिचर्चा का आयोजन किया गया. परिचर्चा में विभिन्न राज्यों की छह महिला समेत 54 पीठासीन अधिकारियों ने भाग लिया.
Follow us
Categories
Latest News
Popular Categories